मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से अमृता राय ने संवारा भविष्य, 'राय वस्त्रालय' से कमा रही हैं 50 हजार महीना

DK NEWS UTTARAKHAND

रुद्रपुर, 12 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना युवाओं के लिए अपना व्यवसाय शुरू करने का एक मजबूत माध्यम बन रही है। इसकी मिसाल हैं रुद्रपुर विकासखंड के ट्रांजिट कैंप निवासी **अमृता राय**।

अमृता राय ने इंटरमीडिएट के बाद देहरादून से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया और दिल्ली में इंटर्नशिप कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। नौकरी करने के बजाय उन्होंने अपने गृह क्षेत्र में ही खुद का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया।

व्यवसाय शुरू करने के लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से संपर्क किया और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्होंने आवेदन किया। योजना के तहत उन्हें 4 लाख रुपये का ऋण मिला, जिसमें 60 हजार रुपये की सब्सिडी भी शामिल है।


इस आर्थिक सहायता से अमृता ने 'राय वस्त्रालय' की शुरुआत की। कड़ी मेहनत से आज उनका व्यवसाय सफल हो गया है। वर्तमान में वह अपने वस्त्रालय से प्रतिमाह लगभग 50 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

खास बात यह है कि अमृता ने अपने साथ 4 अन्य लोगों को भी रोजगार दिया है। उनका यह सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी के कारण स्वरोजगार शुरू नहीं कर पाते।

जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर।
प्रस्तुतकर्ता - DK News Uttarakhand



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ