रुद्रपुर में BIS का मानक महोत्सव 2026, सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पर दिया गया जोर

रुद्रपुर, 09 अक्टूबर 2026। विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा द्वारा रुद्रपुर के एक होटल में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण: सतत विकास लक्ष्य-7 - किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा” रहा।

कार्यक्रम में सिडकुल इंडस्ट्रीज, MSMEs और कई उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जीवन के हर क्षेत्र में मानकीकरण जरूरी - गजेंद्र सिंह

सिडकुल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में मानकीकरण की जरूरत है। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिले, इसके लिए भारतीय मानकों के बारे में जागरूकता बढ़ाना बहुत जरूरी है।

BIS ने लाइसेंस प्रक्रिया को किया आसान

BIS देहरादून के निदेशक हेमंत आड़े ने बताया कि BIS उद्योगों के लिए लाइसेंस प्रक्रिया को आसान बना रहा है। अब लाइसेंस एक बार में 5 साल के लिए दिया जा रहा है, जिससे उद्योगों को काफी सुविधा होगी।

BIS Care App से सोने की शुद्धता चेक करें

संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने BIS Care मोबाइल ऐप के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप से हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो, वजन और शुद्धता की जांच की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सामान खरीदते समय उसकी गुणवत्ता जरूर जांचें।

इस दौरान V-Guard और Greenpanel कंपनी के विशेषज्ञों ने किफायती और स्वच्छ ऊर्जा पर तकनीकी जानकारी दी।

कार्यक्रम में सिडकुल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, आर.के. मिधा और जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक योगिता जोशी सहित कई उद्योगपति मौजूद रहे।

Source: जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ