रुद्रपुर में डीएम ने लिया फसल नुकसान का संज्ञान, ड्रोन सर्वे से होगा सटीक आकलन, किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा
रुद्रपुर, 15 अक्टूबर 2026। बीते दिनों बाजपुर एवं गदरपुर क्षेत्र में हुई भीषण अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
इस परिप्रेक्ष्य में गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कृषि, उद्यान, गन्ना एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि प्रभावित बाजपुर एवं गदरपुर क्षेत्र में फसलों की क्षति का तत्काल और सटीक आकलन पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को बिना किसी देरी के राहत एवं मुआवजा राशि का वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
डीएम ने कहा कि आंशिक एवं पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त फसलों के सटीक आकलन के लिए ड्रोन सर्वे का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने फसल नुकसान के आकलन और मुआवजा वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और हर पात्र किसान तक सहायता पहुँचाने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन संकट की इस घड़ी में प्रभावित किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, डॉ. अमृता शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एस.के. शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, ए.आर. कॉपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर
प्रस्तुतकर्ता: DK News Uttarakhand
इस खबर को शेयर करें 👉
📲 WhatsApp | 👍 Facebook | ▶️ YouTube

0 टिप्पणियाँ